पुलवामा CRPF हमला: कश्मीर के अलगाववादी नेताओं की सुरक्षा वापस ली गई
भारत प्रशासित कश्मीर के पुलवामा ज़िले में आत्मघाती हमले में सीआरपीएफ़ के कम से कम 40 जवानों के मारे जाने के तीन दिन बाद रविवार को प्रशासन ने पांच अलगाववादी नेताओं की सुरक्षा वापस ले ली है. जिन अलगाववादियों से सुरक्षा वापस ली गई है, उनमें मीरवाइज़ उमर फ़ारूक़, अब्दुल गनी बट, बिलाल लोन, हाशिम क़ुरैशी और शबीर शाह शामिल हैं, हालाँकि इस सरकारी आदेश में सैयद अली शाह गिलानी का जिक्र नहीं है. समाचार एजेंसी पीटीआई ने सुरक्षा अधिकारियों के हवाले से कहा है कि किसी भी अलगाववादी नेता को सरकार सुरक्षा मुहैया नहीं कराएगी. आदेश में कहा गया है कि रविवार की शाम तक इन अलगाववादी नेताओं की सुरक्षा हटा ली जाएगी. केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को एक उच्चस्तरीय बैठक की थी और उस बैठक के बाद ही फ़ैसला लिया गया है. इस बैठक में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल, गृह सचिव राजीव गउबा और इंटेलिजेंस ब्यूरो के निदेशक राजीव जैन शामिल थे. इस बैठक में जम्मू-कश्मीर के सुरक्षा हालात और पाकिस्तान के ख़िलाफ़ ठोस क़दम उठाने को लेकर चर्चा हुई. शुक्रवार को श्रीनगर में प्रेस कॉन्फ़्रेंस में राजनाथ सिंह...